बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
रोटरी क्लब बालोतरा का ‘प्रोजेक्ट तृप्ति’: विश्व पोलियो दिवस पर जरूरतमंदों को कराया निःशुल्क भोजन

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा:*
‘विश्व पोलियो दिवस’ के अवसर पर रोटरी क्लब बालोतरा द्वारा एक विशेष मानवीय पहल ‘प्रोजेक्ट तृप्ति’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस पुनीत प्रकल्प के अंतर्गत शहर में 150 से अधिक जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक निःशुल्क भोजन, ताजे फल और मिठाइयाँ परोसी गईं।
क्लब के मीडिया प्रमुख सीए ओमप्रकाश जी बांठिया ने जानकारी दी कि यह सेवा कार्य शहर के दो प्रमुख स्थानों—पुराने बस स्टैंड स्थित अन्नपूर्णा भोजनालय और राजकीय नाहटा अस्पताल परिसर स्थित अन्नपूर्णा रसोई में संपन्न हुआ। प्रकल्प की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए क्लब सचिव सीए अभिषेक जिंदल ने बताया कि यह आयोजन “सेवा का संकल्प, तृप्ति का अहसास” के ध्येय वाक्य से प्रेरित था। इसका मुख्य उद्देश्य समाज के वंचित वर्ग तक न केवल भोजन, बल्कि एक अपनत्व भरा पौष्टिक आहार पहुँचाना था।
इस अवसर पर रोटरी क्लब के अध्यक्ष हितेंद्र छाजेड़ ने वैश्विक पोलियो उन्मूलन में रोटरी संस्था के ऐतिहासिक और निरंतर योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि रोटरी समाज के स्वास्थ्य, शिक्षा और समग्र उत्थान के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
इस मानवीय आयोजन में प्रायोजक ‘मानव जीव दया सेवा संस्थान’ की ओर से हीराराम प्रजापत ने विशेष सहभागिता निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब के उपाध्यक्ष भारत गोलेचा सहित अनेक रोटेरियन साथियों व गणमान्य नागरिकों की सक्रिय उपस्थिति रही।

Subscribe to my channel


