बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार गठित विशेष जांच दल द्वारा प्रभावित क्षेत्र का दौरा
प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्थाओं का जायजा लेकर सख्त कार्यवाही के दिए निर्देश

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा
पुलिस अधीक्षक जिला बालोतरा श्री रमेश आईपीएस ने बताया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश के अनुपालन में जोजड़ी-बांडी-लूणी नदी प्रणाली में औद्योगिक प्रदूषण की जांच हेतु गठित विशेष जांच दल (SIT) की अध्यक्ष श्रीमती लवली कटियार आईपीएस, महानिरीक्षक पुलिस, सिविल राइट्स एण्ड एण्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग, राजस्थान, जयपुर, एसआईटी के अन्य दो सदस्यों श्री देवेन्द्र कुमार विश्नोई आईपीएस, पुलिस उप महानिरीक्षक, आरपीटीसी जोधपुर एवं श्री पंकज यादव आईपीएस, कमाण्डेंट प्रथम बटालियन आरएसी जोधपुर के साथ बालोतरा जिले के दौरे पर पहुंचीं।
निरीक्षण के दौरान एसआईटी ने बिठूजा एवं बालोतरा स्थित कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (CETP) का निरीक्षण कर उद्योगों से निकलने वाले अपशिष्ट जल एवं स्लज के निस्तारण की व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। टीम द्वारा एचआरटीसी परिसर, लूणी नदी के बहाव क्षेत्र तथा खुले भूभाग में रासायनिक जल फैलाव की स्थिति का भी अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान तकनीकी अधिकारियों एवं इंजीनियरों ने एसआईटी को 18 एमएलडी क्षमता वाले आरओ प्लांट तथा जीरो लिक्विड डिस्चार्ज (ZLD) प्रणाली की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। इसके अतिरिक्त खेड़ रोड़ स्थित प्लांट का भी निरीक्षण किया गया, जहां रासायनिक जल एवं स्लज निस्तारण की प्रक्रिया का जायजा लिया गया।
निरीक्षण उपरांत एसआईटी अध्यक्ष श्रीमती लवली कटियार आईपीएस सहित टीम के सदस्य पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बालोतरा पहुंचे, जहां श्री हरफूलसिंह आरपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बालोतरा, एसआईटी के अनुसंधान कार्य में सहयोग एवं समन्वय हेतु मनोनित अनुसंधान अधिकारीगण एवं जिला स्तरीय पुलिस टीम की बैठक लेकर प्रकरणों की प्रगति तथा उपलब्ध तथ्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए लूणी नदी, नालों एवं अन्य जल स्रोतों में रासायनिक अपशिष्ट जल छोड़ने वाले व्यक्तियों तथा फैक्ट्रियों से रासायनिक अपशिष्ट को ट्रैक्टरों अथवा अन्य साधनों से परिवहन कर सीवरेज, नालों एवं खाली भू-भागों में अवैध रूप से डंप करने वालों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ऐसे मामलों में जिम्मेदार व्यक्तियों एवं संस्थानों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्यवाही करने तथा संबंधित प्रकरणों में त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करने के निर्देश भी प्रदान किए गए। बैठक में संबंधित अधिकारियों से फीडबैक प्राप्त कर आवश्यक मार्गदर्शन करते हुए प्रदूषण रोकने के लिए प्रभावी कार्य योजना बनाई गई। इसके पश्चात टीम ने प्रदूषण से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय अवलोकन कर डोली एवं अराबा गांवों का निरीक्षण किया तथा लूणी नदी क्षेत्र में प्रदूषण की स्थिति का जायजा लिया।
बालोतरा पुलिस द्वारा माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करते हुए एसआईटी को आवश्यक सहयोग एवं समन्वय प्रदान किया जा रहा है।

Subscribe to my channel


