उत्तर प्रदेशबागपतब्रेकिंग न्यूज़
लाखों-करोड़ों बार दोहराई जाने वाली छोटी आदतों पर केंद्रित रहा नेचर नीड्स यू अभियान, 18 देशों के लोग जुड़े
बागपत के युवाओं की पहल ने पर्यावरण जागरूकता पर वैश्विक संवाद को दिया बढ़ावा

बागपत, 07 जून।
पर्यावरण संरक्षण को केवल बड़े मुद्दों तक सीमित रखने के बजाय रोजमर्रा की छोटी आदतों से जोड़ने की कोशिश में माय भारत केंद्र बागपत से जुड़े उड़ान यूथ क्लब ने नेचर नीड्स यू नाम से अंतरराष्ट्रीय जागरूकता अभियान चलाया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस अभियान से भारत सहित 18 देशों के 10,755 लोग जुड़े।
अभियान की खास बात यह रही कि इसमें लोगों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि छोटी-छोटी आदतें जब लाखों-करोड़ों बार दोहराई जाती हैं, तो उनका असर पर्यावरण और जलवायु पर बड़े स्तर पर दिखाई देता है। पानी की बर्बादी, जरूरत से ज्यादा खरीदारी, प्लास्टिक का इस्तेमाल और उपयोग योग्य वस्तुओं को जल्दी बदल देना जैसे विषय अभियान का हिस्सा रहे।
क्लाइमेट कार्डिनल्स यूवाईसी इंडिया चैप्टर के माध्यम से आयोजित ऑनलाइन क्विज में प्रतिभागियों से व्यवहारिक और जीवनशैली आधारित प्रश्न पूछे गए। आयोजकों के अनुसार इसका उद्देश्य लोगों को अपनी आदतों और पर्यावरण के बीच संबंध समझाने के साथ जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
अभियान के दौरान पूर्ण अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाणपत्र जारी किए गए। वहीं विभिन्न देशों से चयनित प्रतिभागियों को नेचर नीड्स यू चैंपियंस ग्लोबल फोटो कोलाज में शामिल किया गया। सोशल मीडिया पर प्रतिभागियों ने अपने अनुभव, पोस्टर और प्रमाणपत्र साझा कर अभियान को आगे बढ़ाया।
उड़ान यूथ क्लब के अध्यक्ष एवं क्लाइमेट कार्डिनल्स यूवाईसी इंडिया चैप्टर के कोऑर्डिनेटर अमन कुमार ने कहा कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली कई आदतें लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन चुकी हैं। यदि लोग छोटी जिम्मेदार आदतों को अपनाना शुरू करें, तो उसका सकारात्मक असर वैश्विक स्तर पर दिखाई दे सकता है।
उन्होंने कहा कि माय भारत जैसे प्लेटफॉर्म युवाओं को सामाजिक और पर्यावरणीय विषयों पर नेतृत्व और जनभागीदारी के अवसर उपलब्ध करा रहे हैं। अभियान में शिक्षकों, छात्रों, स्वयंसेवकों, इको क्लबों, एनएसएस-एनसीसी इकाइयों तथा विभिन्न युवा संगठनों ने सहभागिता की।

Subscribe to my channel


