बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
विश्व पर्यावरण दिवस पर जसोल में अनूठी पहल, 2 घंटे एसी बंद रखने का आह्वान

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
जसोल, 5 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के आह्वान पर अणुव्रत समिति जसोल ने विभिन्न संस्थानों के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत पौधारोपण, सफाई अभियान, डोर-टू-डोर संपर्क, ऊर्जा संरक्षण संदेश और केरी बैग वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9:30 बजे “विश्व पर्यावरण दिवस 2026” के बैनर के लोकार्पण से हुई। इसके बाद एसएन वोहरा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में अणुव्रत समिति जसोल के अध्यक्ष महावीरचंद सालेचा, निवर्तमान अध्यक्ष पारसमल गोलेछा, डूंगरचंद सालेचा, माणकचंद संखलेचा, भिकमचंद छाजेड़, सुमेरमल गोठी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नगरपालिका जसोल के सहयोग से दा खों वाली बास सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान सफाई कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ केरी बैग वितरित किए गए।
अभियान के तहत नगर पालिका, स्टेट बैंक, अर्बन बैंक, बाड़मेर सेंटर बैंक, अणुव्रत द्वार, बस स्टैंड, अंबेडकर सर्किल, पीएनबी बैंक, हिम्मत गार्डन, लघु उद्योग भवन, विभिन्न कंपनियों, मुख्य बाजार तथा अन्य क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक किया गया। समिति के सदस्यों ने नागरिकों से दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक एसी पूरी तरह बंद रखने की अपील की, ताकि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा में सामूहिक योगदान दिया जा सके।
इस अवसर पर डूंगरचंद सालेचा ने कहा कि “एक संकल्प, एक दिवस, एक समय, एक साथ ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा में योगदान” का यह प्रयास विश्व पर्यावरण दिवस पर एक सार्थक पहल है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे कदम भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।
अणुव्रत समिति के अध्यक्ष महावीरचंद सालेचा और निवर्तमान अध्यक्ष पारसमल गोलेछा ने सभी नागरिकों से ऑनलाइन गूगल फॉर्म भरकर अभियान से जुड़ने का आग्रह किया। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय समिति के मंत्री सफरूखान ने किया।
फोटो कैप्शन: विश्व पर्यावरण दिवस पर जसोल में अणुव्रत समिति द्वारा पौधारोपण, सफाई अभियान एवं ऊर्जा संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करते हुए।

Subscribe to my channel


