खीरी, 27 मई 2026। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जनपद खीरी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा मिश्रित आबादी और संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया।
फ्लैग मार्च के दौरान बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की गहन जांच की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आमजन से संवाद स्थापित करते हुए आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनपद की सभी मस्जिदों और ईदगाहों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी और वीडियोग्राफी कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, पोस्टर पार्टियां निकालने तथा सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या डायल-112 पर दें। जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में जुटे हुए हैं।
खीरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।