बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
गंगानगर राजमार्ग पर विद्युत पोल क्षतिग्रस्त, बड़े हादसे की आशंका
समय रहते संबंधित विभाग को दी सूचना, अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
गंगानगर। वार्ड नंबर 36 के क्षेत्राधिकार में आने वाले गंगानगर राजमार्ग पर एक विद्युत पोल को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर के कारण विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होकर गिर गया और पास लगे एक पेड़ के सहारे रुक गया। पोल के इस तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में होने से सड़क से गुजरने वाले लोगों के लिए हादसे की आशंका बनी हुई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वार्ड 36 की निर्दलीय प्रत्याशी कोमल कंवर दहिया और जनप्रतिनिधि कर्णपाल सिंह दहिया ने समय रहते संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों से संपर्क किया। उन्होंने मामले को लेकर विभागीय अधिकारियों को लिखित ज्ञापन सौंपते हुए क्षतिग्रस्त विद्युत पोल को तत्काल सुरक्षित कराने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधियों ने अधिकारियों का ध्यान इस ओर भी दिलाया कि यदि समय रहते क्षतिग्रस्त पोल को नहीं हटाया गया या सुरक्षित नहीं किया गया तो किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभाग के प्रशासनिक अधिकारियों ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। स्थानीय लोगों ने भी क्षतिग्रस्त विद्युत पोल को जल्द सुरक्षित कराने की मांग की है, ताकि राजमार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Subscribe to my channel


