उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
गौ संरक्षण को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम ने दिए व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती। कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में गौ संरक्षण एवं निराश्रित गोवंशीय पशुओं की देखभाल को लेकर गठित अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद के विभिन्न गौ आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान नामित नोडल अधिकारियों ने विभिन्न गौशालाओं का निरीक्षण कर भूसा, हरा चारा, पेयजल, साफ-सफाई एवं पशुओं के रख-रखाव से संबंधित अपनी निरीक्षण आख्या प्रस्तुत की। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान मिली कमियों और आवश्यक सुधार संबंधी सुझावों से समिति को अवगत कराया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन गौ आश्रय स्थलों पर व्यवस्थाओं में कमी पाई गई है, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
डीएम ने निर्देशित किया कि सभी गौ आश्रय स्थलों पर निराश्रित गोवंशीय पशुओं के लिए हर समय पर्याप्त मात्रा में भूसा, हरा चारा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध रहे। गर्मी के मौसम को देखते हुए पशुओं के लिए छायादार स्थान, नियमित साफ-सफाई और स्वास्थ्य परीक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि सभी गौ आश्रय स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रहें तथा उनका कंट्रोल रूम विकास भवन में स्थापित किया जाए। साथ ही विद्युत आपूर्ति भी बाधारहित बनाए रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ ए.के. गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं नामित नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


