उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक सम्पन्न, ऋण वितरण में लापरवाही पर जताई नाराजगी

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती।कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के चतुर्थ त्रैमास मार्च 2026 की वार्षिक ऋण योजना तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं में बैंकों को आवंटित लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिले के ऋण-जमा (सीडी) अनुपात की त्रैमासिक प्रगति पर चर्चा करते हुए बैंकों को इसमें सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने ऋण वितरण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी बैंक प्रबंधकों को आपसी समन्वय के साथ वार्षिक ऋण योजना के लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ओडीओपी वित्तीय सहायता योजना, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड योजना, मत्स्य किसान क्रेडिट योजना तथा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि युवाओं एवं छोटे उद्यमियों के ऋण प्रस्तावों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने शिकायत करते हुए बताया कि कई मामलों में बैंक बिना स्पष्ट कारण बताए ऋण आवेदन निरस्त कर देते हैं। इस पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि यदि किसी आवेदन को अस्वीकृत किया जाता है तो उसका स्पष्ट कारण संबंधित आवेदक को बताया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि Canara Bank, Central Bank of India, Indian Bank, Punjab National Bank, Union Bank of India, State Bank of India, Bank of Maharashtra तथा Indian Overseas Bank द्वारा लक्ष्य के सापेक्ष ऋण वितरण कम किया गया है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, आरबीआई की पल्लवी सोम, नाबार्ड के मनीष कुमार, भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक संतोष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe to my channel


