ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसतना

फरहद ग्राम के लिए सड़क निर्माण कार्य शुरू, वर्षों पुराना सपना हुआ साकार

गुलाब शुक्ला ने कल किया था स्थल निरीक्षण, आज से शुरू हुआ सड़क निर्माण कार्य; ग्रामीणों में खुशी की लहर

 

सतना। ग्राम फरहद के लिए आज का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ, जब वर्षों से लंबित सड़क निर्माण कार्य आखिरकार शुरू हो गया। लंबे समय से सड़क सुविधा से वंचित रहे ग्राम फरहद, सेमरी और मोहनिया क्षेत्र के लोगों में निर्माण कार्य प्रारंभ होने के बाद उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। बताया गया कि युवा उद्योगपति एवं समाजसेवी गुलाब शुक्ला ने बीते दिन नगर परिषद कोटर के सभापति बबलू गौतम एवं ग्राम पंचायत मोहनिया के सरपंच वेद नारायण द्विवेदी के साथ कोटर वार्ड क्रमांक-1 से फरहद, सेमरी एवं मोहनिया मार्ग का स्थल निरीक्षण और सर्वे कार्य किया था। सर्वे के अगले ही दिन सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों में भरोसा और उत्साह दोनों बढ़ा है। ग्रामीणों के अनुसार, लगभग 75 वर्षों से ग्राम फरहद सड़क सुविधा से वंचित था। बरसात के दिनों में गांव का संपर्क आसपास के क्षेत्रों से लगभग कट जाता था, जिससे विद्यार्थियों, मरीजों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सड़क न होने के कारण लोगों को आवागमन के लिए कठिन और जोखिम भरे रास्तों का सहारा लेना पड़ता था। निर्माण कार्य शुरू होते ही ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए गुलाब शुक्ला सहित सभी का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से चली आ रही बड़ी समस्या का समाधान अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। इस अवसर पर गुलाब शुक्ला ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास और लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि यह सड़क आने वाले समय में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button