20 मई को देशभर में फार्मेसी सेवाएं रहेंगी चालू — फार्मासिस्ट सुरक्षा संगठन की अपील
प्रयागराज।
फार्मासिस्ट सुरक्षा संगठन ने 20 मई को सभी फार्मासिस्ट साथियों से अपनी-अपनी फार्मेसी सेवाएं नियमित रूप से संचालित रखने की अपील की है। संगठन का कहना है कि यह अभियान फार्मासिस्टों की एकता, सम्मान और पहचान को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
संगठन के संरक्षक वासुदेव शुक्ला ने बताया कि फार्मासिस्ट समाज स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है और जनता को दवाइयों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करना फार्मासिस्टों की जिम्मेदारी है। इसी को ध्यान में रखते हुए 20 मई को सभी फार्मासिस्ट अपनी फार्मेसी सेवाएं चालू रखेंगे तथा अपनी-अपनी फार्मेसी के साथ एक सेल्फी लेकर संगठन के ग्रुप में साझा करेंगे।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य फार्मासिस्टों में संगठनात्मक एकता बढ़ाना और समाज में फार्मासिस्टों की सकारात्मक पहचान को मजबूत करना है। संगठन का नारा “संगठित फार्मासिस्ट, सुरक्षित फार्मेसी” लगातार फार्मासिस्टों को एक मंच पर जोड़ने का कार्य कर रहा है।
फार्मासिस्ट सुरक्षा संगठन ने सभी फार्मासिस्ट साथियों से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने प्रतिष्ठान की सेवाएं जारी रखते हुए संगठन को मजबूत बनाने में सहयोग करें।