देशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़राजनीति
बस्ती में गौ संरक्षण समीक्षा बैठक सम्पन्न, आश्रय स्थलों पर चारा-पानी और चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 12 मई 2026। जनपद बस्ती में गो सेवा आयोग उपाध्यक्ष की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गौ संरक्षण अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न गौ आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं, गौवंशीय पशुओं के संरक्षण, रखरखाव और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार निराश्रित गौवंश के संरक्षण और संवर्धन को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी गौ आश्रय स्थलों पर हरा चारा, भूसा, स्वच्छ पेयजल और चिकित्सा सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही नियमित साफ-सफाई और समय-समय पर निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर घूम रहे निराश्रित गौवंश को सुरक्षित रूप से गौ आश्रय स्थलों तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। कहा कि गौवंश के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जिन गौशालाओं में गौवंश की संख्या कम है, वहां के पशुओं को अन्य गौशालाओं में स्थानांतरित किया जाए। स्वस्थ और अस्वस्थ पशुओं को अलग-अलग रखने, नंदी पशुओं के लिए अलग व्यवस्था करने तथा चारा-पानी देने का निर्धारित समय तय करने को कहा गया।
उपाध्यक्ष ने उप जिलाधिकारियों को गोचर भूमि की सूची उपलब्ध कराने और अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए। किसानों को नैपियर घास उगाने तथा भूसा दान के लिए प्रेरित करने को भी कहा गया। सभी गौशालाओं के लिए नोडल अधिकारी तैनात करने और आवश्यक रजिस्टर बनाए जाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता ने बताया कि जिले में ग्रामीण क्षेत्र में 34, शहरी क्षेत्र में 3 अस्थायी गौ आश्रय स्थल तथा 5 कांजी हाउस संचालित हैं। मुख्यमंत्री निराश्रित/बेसहारा गौवंश सहभागिता योजना के तहत 1629 लक्ष्य के सापेक्ष 1299 पशुपालकों को गोवंश सुपुर्द किया जा चुका है।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सूचना समय से न मिलने की शिकायत की, जिस पर उपाध्यक्ष ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि आगे से बैठक की सूचना समय से उपलब्ध कराई जाए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, सीडीओ सार्थक अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


