उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में शिक्षामित्र सम्मान समारोह आयोजित, बढ़े मानदेय के डेमो चेक वितरित

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 05 मई 2026। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज के बहुउद्देशीय हाल, बस्ती में शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला, मंडलायुक्त अखिलेश सिंह तथा जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस दौरान प्रदेश स्तर पर आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा और सुना गया।
मुख्य अतिथि महेश शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षामित्रों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और उनके सम्मान तथा सुविधाओं के लिए लगातार कार्य कर रही है। मंडलायुक्त अखिलेश सिंह ने कहा कि मानदेय वृद्धि से शिक्षामित्रों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक समर्पण के साथ शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करेंगे।
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने शिक्षामित्रों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी शिक्षामित्रों से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र और जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने भी शिक्षामित्रों के योगदान को शिक्षा व्यवस्था की नींव बताते हुए उनकी प्रशंसा की।
समारोह में शिक्षामित्रों को 18,000 रुपये बढ़े हुए मानदेय का डेमो चेक वितरित किया गया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षामित्रों को सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को शैक्षिक सामग्री भी प्रदान की गई। कार्यक्रम स्थल पर निपुण भारत मिशन एवं समेकित शिक्षा से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार, एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह, विधायक प्रतिनिधि कप्तानगंज गुलाब चंद्र सोनकर, अंकुर वर्मा समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


