जोधपुरब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराजस्थान

तिजारा विधायक महंत बालकनाथ के कथित बयान पर नाई समाज में आक्रोश, कार्रवाई की मांग

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

 

जोधपुर। राजस्थान में तिजारा विधायक महंत बालकनाथ के कथित बयान को लेकर नाई (सेन) समाज में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान विधायक द्वारा “तू जेईएन है या नाई” जैसे शब्दों का प्रयोग किया गया, जिससे नाई समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। समाज के लोगों का कहना है कि यह बयान समुदाय की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है।

प्रतिनिधियों ने बताया कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर नाराज़गी जताने के दौरान इस प्रकार की टिप्पणी करना अनुचित है। उनका कहना है कि किसी भी समाज का उदाहरण देकर अपमानजनक भाषा का प्रयोग सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करता है।

समाज के लोगों ने कहा कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजस्थान सहित देशभर में सेन समाज में नाराज़गी है। इसे मेहनतकश और श्रमजीवी वर्ग के सम्मान पर चोट बताया गया है।

ज्ञापन में कहा गया कि सेन समाज सदियों से समाज के हर वर्ग के सुख-दुख, जन्म-मरण और विवाह जैसे अवसरों पर अपनी सेवाएं देता आया है। समाज अपनी निष्ठा, कौशल और सेवा भावना के लिए जाना जाता है। ऐसे में इस प्रकार की टिप्पणी से गलत संदेश जाता है।

समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विधायक के खिलाफ उचित कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। साथ ही उनसे सार्वजनिक रूप से माफी दिलाकर समाज में विश्वास और सम्मान बहाल किया जाए।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button