ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशस्वास्थ्य
जबलपुर बरगी डेम हादसे में मजदूर महमूद रमजान बने हीरो, 4 लोगों की बचाई जान

संवाददाता दशरथ माली
जबलपुर, मध्य प्रदेश: जबलपुर के प्रसिद्ध बरगी डेम में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब एक क्रूज नाव अचानक पलट गई। हादसे के दौरान जहां क्रूज चालक और जिम्मेदार लोग अपनी जान बचाने में जुट गए, वहीं पास में पुल निर्माण कार्य में लगे पश्चिम बंगाल के मजदूर महमूद रमजान ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए चार लोगों की जान बचा ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्रूज पलटते ही अफरा-तफरी मच गई। कई लोग पानी में डूबने लगे और मौके पर मौजूद जिम्मेदार लोग मदद करने के बजाय खुद सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। इसी बीच मजदूर महमूद रमजान ने बिना अपनी जान की परवाह किए करीब 25 फीट ऊंचाई से पानी में छलांग लगा दी।
उन्होंने बहादुरी और सूझबूझ दिखाते हुए एक-एक कर चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। स्थानीय लोगों ने उनके इस साहसिक कदम की जमकर सराहना की और उन्हें असली हीरो बताया।
बताया जा रहा है कि महमूद रमजान पश्चिम बंगाल से रोजगार की तलाश में जबलपुर आए थे और निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे हैं। उनका परिवार उनकी मेहनत पर निर्भर है, लेकिन संकट की घड़ी में उन्होंने मानवता को सबसे ऊपर रखा।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी महमूद रमजान की बहादुरी की खूब चर्चा हो रही है। लोग उन्हें इंसानियत और देश की असली पहचान बता रहे हैं।
इंसानियत की मिसाल बने महमूद रमजान
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि देश की असली ताकत इंसानियत, साहस और भाईचारे में बसती है। चाहे नाम महमूद हो या मंगल, संकट के समय वही सच्चा इंसान कहलाता है जो दूसरों की जान बचाने के लिए आगे आए।

Subscribe to my channel


