खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
भिवाड़ी में जिला प्रभारी सचिव पूनम ने ली अधिकारियों की बैठक, एसटीपी का किया निरीक्षण

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
खैरथल-तिजारा, 29 अप्रैल। जिला प्रभारी सचिव एवं महिला एवं बाल विकास विभाग सचिव पूनम ने बुधवार को भिवाड़ी में अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की तथा एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान प्रभारी सचिव ने रीको अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक इकाइयों को उनकी निर्धारित श्रेणियों के अनुसार ही संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि इकाइयों का उचित वर्गीकरण कर उसी अनुरूप उत्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध गतिविधि पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए।
बैठक में श्रमिक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए औद्योगिक इकाइयों को श्रम कानूनों एवं निर्धारित नियमों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, उन्होंने औद्योगिक इकाइयों के पदाधिकारी को श्रमिकों एवं प्रबंधन के बीच आपसी समझाइश और सतत संवाद के माध्यम से औद्योगिक शांति बनाए रखने की अपील की गई।
उपआयुक्त श्रम विभाग ने बताया कि राज्य सरकार के स्तर पर न्यूनतम वेतन के पुनरीक्षण की प्रक्रिया वर्तमान में प्रगतिरत है, जिससे श्रमिकों को भविष्य में और अधिक लाभ मिलने की संभावना है।
उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) को निर्देश दिए कि सभी कंटीन्जेंसी कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं, ताकि ग्रीष्म ऋतु में आमजन को स्वच्छ पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। भीषण गर्मी को देखते हुए चिकित्सा विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के उपचार हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही ओआरएस, ग्लूकोज एवं अन्य आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
आगामी वर्षा ऋतु की तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रभारी सचिव ने नगर परिषद भिवाड़ी आयुक्त को ड्रेनेज सिस्टम की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति से बचा जा सके।
इससे पूर्व उन्होंने एसटीपी का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना को निर्धारित समय-सीमा से पूर्व पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

Subscribe to my channel


