उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती: राजस्व वसूली और कानून व्यवस्था पर सख्ती, मण्डलायुक्त ने दिए कड़े निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 28 अप्रैल 2026 (सू.वि.)
मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में कानून व्यवस्था, राजस्व वसूली एवं कर-गैरकर की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विभिन्न विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली में तेजी लाई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं है, वे कार्ययोजना बनाकर विशेष अभियान चलाएं और वसूली में सुधार सुनिश्चित करें।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि मिलावटखोरी और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए समय-समय पर सैंपलिंग की कार्रवाई की जाए। साथ ही न्यायालय से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए धारा 34, 116, 80 एवं वरासत से संबंधित प्रकरणों का शीघ्र और नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए।
वहीं पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को सख्ती से रोका जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि समय-समय पर अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक का संचालन अपर आयुक्त (प्रशासन) मनोज कुमार तिवारी ने किया। इस दौरान जिलाधिकारी बस्ती कृत्तिका ज्योत्स्ना, जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर शिवशरणप्पा जी.एन., जिलाधिकारी संतकबीरनगर आलोक कुमार, तीनों जिलों के पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
(बस्ती टाइम्स 24 न्यूज़ – जनता की आवाज़)

Subscribe to my channel


