उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती: ‘विश्व दिव्यांग दिवस 2026’ के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार हेतु आवेदन आमंत्रित, अंतिम तिथि 30 जून

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 27 अप्रैल 2026 (सू.वि.)। आगामी 03 दिसंबर को मनाए जाने वाले ‘विश्व दिव्यांग दिवस’ के अवसर पर वर्ष 2026 के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। ये पुरस्कार दिव्यांगता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रदान किए जाएंगे।
यह जानकारी देते हुए जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी तनुज त्रिपाठी ने बताया कि विभाग द्वारा राज्य स्तरीय पुरस्कार नियमावली-2017 के तहत कुल 12 विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार देने की व्यवस्था की गई है। इसके तहत दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण, रोजगार, नवाचार और सामाजिक योगदान को प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पुरस्कार की प्रमुख श्रेणियों में दक्ष दिव्यांग कर्मचारी/स्वनियोजित दिव्यांगजन, दिव्यांगजनों के लिए सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता, प्लेसमेंट अधिकारी/एजेंसी, दिव्यांगजन के हित में कार्यरत सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति व संस्था, प्रेरणास्रोत, नवीन अनुसंधान या उत्पाद विकास, बाधामुक्त वातावरण निर्माण, पुनर्वास सेवाएं देने वाला सर्वश्रेष्ठ जिला, सृजनशील दिव्यांग वयस्क व बालक/बालिका, सर्वश्रेष्ठ ब्रेल प्रेस, अनुकूल वेबसाइट, उत्कृष्ट दिव्यांग खिलाड़ी तथा सशक्तीकरण में कार्यरत अधिकारी/कर्मचारी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि पात्र व्यक्ति एवं संस्थाएं निर्धारित आवेदन पत्र के आधार पर अपने प्रस्ताव तैयार कर 30 जून 2026 तक दो प्रतियों में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय (कक्ष संख्या-14) में जमा कर सकते हैं।
प्रशासन ने अधिक से अधिक योग्य उम्मीदवारों एवं संस्थाओं से आवेदन करने की अपील की है, ताकि दिव्यांगजनों के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वालों को सम्मानित किया जा सके।
Subscribe to my channel


