उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
राष्ट्रीय लोक अदालत 12 सितंबर को, बस्ती में विभिन्न प्रकार के मामलों का होगा निस्तारण

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 25 जुलाई 2026। जनपद बस्ती में आगामी 12 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जनपद न्यायाधीश शमसुल हक के निर्देशन में जनपद न्यायालय परिसर, कलेक्ट्रेट मुख्यालय तथा जनपद की सभी तहसील मुख्यालयों में आयोजित होगा।
यह जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव प्रथम देवेन्द्र कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाएगा, जिससे पक्षकारों को शीघ्र और सुलभ न्याय मिल सके।
उन्होंने बताया कि लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 (चेक बाउंस) से संबंधित मामले, बैंक वसूली प्रकरण, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं, श्रम विवाद, पारिवारिक वाद, भूमि अधिग्रहण संबंधी मामले, विद्युत एवं जलकर विवाद, सेवा संबंधी वेतन एवं सेवानिवृत्ति लाभ के विवाद, राजस्व वाद तथा अन्य सिविल मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
इसके अलावा किराया, सुखाधिकार, व्ययादेश, विशिष्ट अनुतोष, आर्बिट्रेशन (हायर परचेज एग्रीमेंट से उत्पन्न विवाद) सहित ऐसे सभी मामलों को भी राष्ट्रीय लोक अदालत में शामिल किया जाएगा, जिनका समाधान आपसी समझौते के आधार पर संभव है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संबंधित पक्षकारों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाकर अपने विवादों का सौहार्दपूर्ण एवं शीघ्र समाधान कराएं।
Subscribe to my channel


