खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थानस्वास्थ्य
भिवाड़ी में मौत का कचरा उजागर, ESIC अस्पताल पर कसा शिकंजा, प्रशासन का नोटिस, अब जिम्मेदारों पर गिरेगी गाज तय।

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी।
खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी में खुले में पड़े बायोमेडिकल कचरे का मामला अब गंभीर रूप ले चुका है, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता के बाद पूरे मामले में जिम्मेदारों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट ने ईएसआईसी अस्पताल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया है। जांच में सामने आया कि अस्पताल से निकला खतरनाक बायोमेडिकल वेस्ट—जिसमें इस्तेमाल की गई सुइयां, खून के सैंपल की बोतलें, यूरो बैग और दवाइयां शामिल हैं—भिवाड़ी के डंपिंग यार्ड में खुले में पड़ा मिला।
यह लापरवाही न सिर्फ नियमों की खुली अनदेखी है, बल्कि आमजन और बेजुबान पशुओं की जान के साथ सीधा खिलवाड़ भी है। खुले में पड़ा यह कचरा संक्रमण फैलाने का बड़ा कारण बन सकता है और आसपास के पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है।
सीएमएचओ ने इसे बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट नियमों और प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम का गंभीर उल्लंघन मानते हुए अस्पताल अधीक्षक को सोमवार सुबह 11 बजे कलेक्टर कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। अब इस मामले में आगे सख्त कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

Subscribe to my channel


