LIVE TVअपराधआगराउत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़
छत काटकर घर में घुसे बदमाश, बंदूक की नोक पर कारीगर को बंधक बना ले गए 30 किलो चांदी

संवाददाता अंकित कुमार
यूपी के आगरा में नगला छदामी (एत्मादुद्दौला) स्थित मंगल विहार कालोनी में शुक्रवार देर रात चांदी कारीगर के घर नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोला। चोरों की तर्ज पर बदमाश पहले छत काटकर अंदर आए। गृहस्वामी को तमंचे के बल पर बंधक बनाया। दरवाजे खोलकर तीन साथी और अंदर बुला लिए। बदमाश घर में रखी करीब 30 किलोग्राम चांदी ले गए। पुलिस इस मामले को चोरी का बता रही है। चांदी कहां से आई, इसे लेकर भी कारीगर से कई घंटे तक पूछताछ हुई। पुलिस कई पहलुओं से जांच कर रही है। वहीं इलाके में हल्ला है कि डकैती पड़ी है। घटना मध्यरात्रि के समय की है। मंगल विहार कालोनी रेलवे लाइन के किनारे है। दो मंजिला मकान में राधेश्याम और उनके बेटे रामदत्त व संजय निषाद के परिवार रहते हैं। रामदत्त और संजय की पत्नियां सगी बहनें हैं। दोनों बहनें अपने बच्चों के साथ नेजा चढ़ाने मायके फिरोजाबाद गई थीं। संजय भी उनके साथ गया था। रामदत्त एक कारीगर और दोस्त के साथ गोवर्धन परिक्रमा देने गया था। घर पर राधेश्याम अकेले थे। उनकी पत्नी छोटी देवी कालोनी में ही अपनी बेटी के घर सोने चली गई थीं। राधेश्याम भूतल पर सो रहे थे। दूसरी मंजिल पर टट्टर के लिए लिंटर में जगह छोड़ी गई थी। सरिया बाहर निकल रही थीं। उस जगह अभी टट्टर नहीं लगा था। पीड़ित के घर के पास ही एक मंदिर है। मंदिर की दीवार से तीन बदमाश छत पर चढ़े। ग्राइंडर से सरिया काटी। पहली मंजिल पर आए। नीचे आकर राधेश्याम को कब्जे में ले लिया। आरोप है कि दो बदमाश तमंचे तानकर खड़े हो गए। राधेश्याम को चारपाई से उठने नहीं दिया। तीसरे बदमाश ने मुख्य दरवाजा खोल दिया। तीन नकाबपोश बदमाश और घर में आ गए। बदमाशों ने उस कमरे का ताला काटा, जहां चांदी रखी थी। इसके बाद अलमारी खंगाली। महिलाओं के जेवरात भी कब्जे में ले लिए। भागने से पहले बदमाश सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले गए। उन्हें पता था कि घर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। बदमाशों के भागने के बाद राधेश्याम ने पुलिस को सूचना दी। रात करीब 1 बजे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नकबजनी की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
*पुलिस ने चांदी का हिसाब मांगा, पीड़ित पक्ष खामोश*
घटना के समय पीड़ित ने करीब 30 किलोग्राम चांदी की जानकारी दी। शनिवार की शाम यह चांदी घटकर 23 किलोग्राम रह गई। पुलिस ने पीड़ित से चांदी का हिसाब मांगा था। उससे कहा कि जहां से भी चांदी लेकर आया था, वहां बात कराए। प्रमाण दे कि चांदी लेकर आया था। सवाल-जवाब का नतीजा यह हुआ कि पीड़ित पक्ष खामोश हो गया। चांदी कम हो गई। इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे ने बताया कि पीड़ित पिछले करीब एक साल से आगरा चेन का माल तैयार करता है। वहां से ही चांदी लेकर आया था। कितनी थी, यह आगरा चेन से बातचीत में पता चलेगा।
*वारदात पुलिस के लिए चुनौती*
पुलिस भले ही इस मामले को चोरी का बताकर दबाना चाहती है, मगर यह घटना पुलिस के लिए खुली चुनौती है। इस अंदाज में लंबे समय से वारदात नहीं हुई है। इस वारदात ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर चूक कहां हुई। घटना में कौन-कौन शामिल है। पुलिस ने मुकदमा भले ही चोरी का लिखा है, मगर खुलासे के लिए एसओजी को भी लगाया गया है।
*घटना में जानकार का हो सकता है हाथ*
राधेश्याम घर पर अकेले थे। घर में सीसीटीवी कैमरा लगा है। यह जानकारी पहले से बदमाशों को थी। तभी उन्होंने वह दिन चुना, जब सभी परिजन बाहर थे। माना जा रहा है कि इस मामले में कोई अपना ही शामिल हो सकता है। यह काम पेशेवर बदमाशों का नहीं लगता। पुलिस इस पहलू से भी जांच कर रही है।

Subscribe to my channel

