उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़शिक्षा
बस्ती में “स्कूल चलो अभियान” का भव्य शुभारंभ, बच्चों को मिला सम्मान व सुविधाएं

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 04 अप्रैल 2026 (सू.वि.)।
कलेक्ट्रेट सभागार में प्रदेश के मा. मुख्यमंत्री द्वारा स्कूल चलो अभियान के वाराणसी से शुभारंभ का सजीव प्रसारण देखा गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना की अध्यक्षता में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री महेश शुक्ला उपस्थित रहे। उनका स्वागत जिलाधिकारी द्वारा बुके भेंट कर किया गया। वहीं मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय कुमार एवं अन्य अधिकारियों ने विभिन्न जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधियों का भी स्वागत किया।
जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना ने अपने संबोधन में बताया कि अभियान का पहला चरण 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तथा दूसरा चरण 1 जुलाई से 15 जुलाई तक चलेगा। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ड्रॉपआउट दर को समाप्त करना और अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करना है। यह अभियान बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़कर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करेगा।
मुख्य अतिथि महेश शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। “स्कूल चलो अभियान” बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का एक मजबूत माध्यम है और इसे सफल बनाने के लिए समाज, अभिभावकों और शिक्षकों को मिलकर प्रयास करना होगा।
कार्यक्रम के दौरान जनपद के 10 प्राथमिक विद्यालयों—गणेशपुर प्रथम, सुकरौली, कटरा बुजुर्ग, मनहांडी, भदेश्वर नाथ, कोविलपुरा, बनगांव प्रथम, परसालाल शाही एवं गंगाराम मझरिया—को “निपुण सम्मान प्रमाण पत्र” प्रदान किया गया। यह सम्मान जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दिया गया।
इसके साथ ही डॉ श्रॉफ चैरिटी आई हॉस्पिटल के सहयोग से बच्चों की नेत्र जांच कराई गई। कुल 45 बच्चों को चश्मा वितरित किया जाना है, जिनमें से 12 बच्चों को मौके पर चश्मा प्रदान किया गया, जबकि 23 बच्चों के ऑपरेशन का प्रस्ताव रखा गया है।
अतिथियों द्वारा बच्चों को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तक किट भी वितरित की गई। कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिए रंगोली निर्माण में सुरेखा चौहान, मारुति नंदन, अमित सिंह, शशि, वरुण और खुशबू वर्मा का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला समन्वयक, एसआरजी सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


