खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
तिजारा में भारत राजोरिया गैस एजेंसी पर मनमानी का आरोप, अवकाश न होने पर भी बंद मिला कार्यालय

*तिजारा, रिपोर्ट – विष्णु शर्मा*
तिजारा स्थित भारत राजोरिया गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं ने मनमानी करने के आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार रविवार को आधिकारिक अवकाश न होने के बावजूद गैस एजेंसी का कार्यालय बंद पाया गया, जिससे गैस लेने पहुंचे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एजेंसी द्वारा कई बार बिना सूचना के कार्यालय बंद कर दिया जाता है, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पाता। इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि जब एक पत्रकार ने इस संबंध में एजेंसी के कर्मचारियों से जानकारी लेनी चाही तो कर्मचारियों ने जवाब देने के बजाय एजेंसी का गेट बंद कर दिया। इस व्यवहार से उपभोक्ताओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
लोगों का आरोप है कि एजेंसी की इस तरह की कार्यप्रणाली से कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। कुछ उपभोक्ताओं का कहना है कि कहीं गैस की कालाबाजारी या अन्य अनियमितताएं तो नहीं हो रही हैं, जिसकी जानकारी ग्राहकों से छिपाई जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि कोई अनियमितता सामने आती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके और भविष्य में ऐसी समस्याएं न हों।

Subscribe to my channel


