खैरथल- तिजारादेशब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराजस्थान
कांशीराम जयंती पर 15 मार्च को तिजारा में मेघवाल समाज की पंचायत, सामाजिक कुरीतियों पर होगा मंथन

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
खैरथल/तिजारा, बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम की जयंती के अवसर पर 15 मार्च 2026 को तिजारा में मेघवाल समाज की एक महत्वपूर्ण सामाजिक पंचायत का आयोजन किया जाएगा। यह बैठक तिजारा स्थित अम्बेडकर भवन में आयोजित होगी, जिसमें तिजारा सहित आसपास के गांवों से समाज के अनेक जागरूक नागरिक एवं प्रतिनिधि भाग लेंगे। पंचायत में समाज के उत्थान, सामाजिक जागरूकता बढ़ाने, सामाजिक बुराइयों व कुरीतियों पर रोक लगाने तथा भावी पीढ़ी को शिक्षित और संस्कारवान बनाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने पर भी विचार-विमर्श होगा। बैठक में शादी, भात, लग्न और कुआं पूजन जैसे आयोजनों में होने वाले अनावश्यक खर्चों को कम करने, सामूहिक विवाह को बढ़ावा देने तथा समाज में सादगीपूर्ण कार्यक्रमों की परंपरा को मजबूत करने पर भी चर्चा की जाएगी। प्रस्तावित एजेंडे में विवाह समारोह में केवल 101 रुपये या एक सिक्का शगुन देने का सुझाव, शोक सभाओं में चाय के अलावा अन्य नाश्ते पर रोक तथा सामाजिक कार्यक्रमों में फिजूलखर्ची पर नियंत्रण जैसे विषय भी शामिल हैं। इसके अलावा गोद भराई प्रथा को समाप्त करने, निर्धन बच्चों की शिक्षा में समाज की ओर से सहयोग बढ़ाने और सामाजिक एकता को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर भी विचार किया जाएगा। आयोजकों ने समाज के सभी जागरूक लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पंचायत को सफल बनाने और समाज की एकता व प्रगति में योगदान देने की अपील की है।

Subscribe to my channel


