नगर निगम की गौशाला के लिए 84 लाख की अतिरिक्त राशि स्वीकृत
Additional amount of Rs 84 lakh approved for the Municipal Corporation's cowshed.

ब्यूरो रिपोर्ट… अनीता पाल
रुद्रपुर। शहर की सड़कों पर बढ़ते आवारा पशुओं के जमावड़े और उनसे होने वाली दुर्घटनाओं से मुक्ति दिलाने की दिशा में नगर निगम रुद्रपुर ने एक और उपलब्धि हासिल है। महापौर विकास शर्मा के प्रयासों से शासन ने लंबाखेड़ा में निर्माणाधीन गौशाला के विस्तार के लिए 84.216 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि की स्वीकृति प्रदान कर दी है, जिससे अब इस महत्वाकांक्षी परियोजना को और अधिक व्यापक स्वरूप दिया जा सकेगा।

इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए महापौर विकास शर्मा ने बताया कि नगर निगम द्वारा लंबाखेड़ा क्षेत्र में एक विशाल गौशाला का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य शहर के निराश्रित पशुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित आश्रय प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के प्रारंभिक चरण के लिए पूर्व में शासन द्वारा 3.69 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई थी। निर्माण कार्य को और विस्तार देने तथा भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए निगम प्रशासन ने 210.54 लाख रुपये का एक नया प्रस्ताव शासन को भेजा था। इस प्रस्ताव के सापेक्ष शासन ने कुल लागत का 40 प्रतिशत यानि 84.216 लाख रुपये जारी करने की अनुमति दे दी है।

महापौर ने कहा कि इस नई धनराशि का उपयोग गौशाला के भीतर बुनियादी ढांचे को और अधिक सुदृढ़ करने में किया जाएगा। इसके तहत जहाँ एक ओर निराश्रित पशुओं के लिए आधुनिक शेडों की संख्या बढ़ाई जाएगी, वहीं दूसरी ओर चारे के समुचित भंडारण के लिए बड़े गोदामों का निर्माण भी सुनिश्चित किया जाएगा। गौशाला परिसर में ही बीमार या चोटिल पशुओं के त्वरित उपचार और टीकाकरण की विशेष व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि उन्हें एक ही स्थान पर सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

महापौर ने कहा कि गौशाला का निर्माण अब अंतिम चरण में है और बहुत जल्द इसे गोसेवा के लिए समर्पित कर दिया जाएगा। इस गौशाला के पूर्ण रूप से सक्रिय होने के बाद रुद्रपुर की सड़कों पर आवारा पशुओं के कारण लगने वाले जाम और आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं से शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

महापौर विकास शर्मा ने धनराशि स्वीकृत करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में रुद्रपुर के विकास कार्यों को नई गति मिल रही है और आने वाले समय में शहर की कायाकल्प करने वाली कई अन्य बड़ी योजनाओं को भी धरातल पर उतारा जाएगा।
Subscribe to my channel


