उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़संतकबीर नगर
भीषण सड़क हादसा: बाइक की भिड़ंत में हेड कांस्टेबल की मौत, दो अन्य गंभीर रूप से घायल

ब्यूरो चीफ राणा प्रताप राय
संत कबीर नगर
राम जानकी मार्ग पर टांडा गांव के समीप गुरुवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक हेड कांस्टेबल की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग और मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।मूल रूप से धनघटा थाना क्षेत्र के ग्राम गाई बसंतपुर निवासी जनार्दन यादव (45) पुत्र रामवृक्ष यादव सिद्धार्थनगर जनपद के हैडिलीया थाने में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। वर्तमान में उनका परिवार गोरखपुर में रहता था। सुबह उन्हें सूचना मिली कि बस्ती जनपद के कुदरहा ब्लॉक स्थित परेवा गांव में उनकी बहन के ससुर का निधन हो गया है। वे अपनी होंडा शाइन बाइक से बहन के घर सांत्वना देने जा रहे थे।
शराब के नशे में तेज रफ्तार बनी काल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जनार्दन यादव जैसे ही टांडा गांव के पास पहुंचे, सामने से एक बाइक पर सवार तीन युवक तेज रफ्तार में आ रहे थे। बताया जा रहा है कि युवक शराब की बोतल लिए हुए थे और लापरवाही से गाड़ी चला रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में मैली गांव निवासी आजाद (20) और मिथुन गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि जनार्दन यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैंसर बाजार पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने हेड कांस्टेबल को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही पत्नी शोभा यादव, बेटी श्रेया (18) और बेटे सौरभ (20) का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस की कार्रवाई
धनघटा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Subscribe to my channel


