उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी
लखीमपुर खीरी में त्योहारों को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

रिपोर्ट: डॉ. संजय पांडेय (स्टेट हेड, उत्तर प्रदेश)
मोबाइल: 7376 3261 75
लखीमपुर खीरी, 01 मार्च 2026।
आगामी होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में डा. ख्याति गर्ग, पुलिस अधीक्षक खीरी द्वारा पर्याप्त पुलिस बल के साथ शहर में भ्रमण कर फ्लैग मार्च किया गया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
फ्लैग मार्च के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों, व्यस्त चौराहों तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की मौजूदगी दर्ज कराई गई, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो सके। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन और बस स्टॉप पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई।
पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर पैनी नजर रखने तथा त्योहारों के दौरान माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया।
गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया और अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल यूपी-112 या नजदीकी थाने में दें।
जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी एवं प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्षों द्वारा भी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जनपद में अमन-चैन कायम रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।


Subscribe to my channel


