खैरथल- तिजाराधर्मब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
अकीदत के साथ अदा की गई रमजान के दूसरे जुमे की नमाज, मुल्क की अमन-चैन के लिए मांगी दुआ

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
तिजारा कस्बे में तहसील के पास स्थित दीवानवाली मस्जिद में रमजान माह के दूसरे जुमे की नमाज मुस्लिम समुदाय द्वारा पूरे अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई। जुमे की नमाज को लेकर सुबह से ही मस्जिद परिसर में रौनक देखने को मिली। रोजेदार समय से पहले ही मस्जिद पहुंचने लगे, जिससे नमाज के वक्त मस्जिद खचाखच भर गई। नमाज से पूर्व इमाम मौलाना मुरसलीन ने खुतबा पेश करते हुए रमजान की फजीलत, रोजे की अहमियत और इस पाक महीने में की जाने वाली इबादतों की बरकत पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रमजान सब्र, परहेजगारी और तकवा का पैगाम देता है। इस माह में कुरआन की तिलावत, पांच वक्त की नमाज, तरावीह और जरूरतमंदों की मदद करने का विशेष सवाब मिलता है।
इमाम ने नमाजियों से आपसी भाईचारा, सौहार्द और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाए रखने की अपील की। साथ ही समाज में अमन-चैन कायम रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। नमाज अदा करने के बाद रोजेदारों ने मुल्क में शांति, तरक्की और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की। क्षेत्र की बेहतरी और आपसी एकता के लिए भी प्रार्थना की गई।
मस्जिद कमेटी के सदर सहरु हाजी दीन मोहम्मद ने बताया कि नमाजियों की सुविधा के लिए साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की गई थीं। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी। इस अवसर पर अकरम (पूर्व सरपंच), मुख्तयार खान, हाजी समसु, इरशाद (सेकेट्री) सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Subscribe to my channel


