उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक, मण्डलायुक्त ने दिए सख्त निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 26 फरवरी 2026 (सू.वि.)
उत्तर प्रदेश शासन की प्राथमिकताओं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में विभागवार विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्धियों, वित्तीय व भौतिक प्रगति तथा लंबित प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, जल निगम, नियोजन, पंचायतीराज, पर्यटन, लोक निर्माण, छात्रवृत्ति, जल जीवन मिशन, फैमिली आईडी, ओडीओपी और फार्मर रजिस्ट्री सहित कई योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप काम करने को कहा।
जल जीवन मिशन और छात्रवृत्ति पर विशेष जोर
मण्डलायुक्त ने जल जीवन मिशन की योजनाओं को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। छात्रवृत्ति कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और समय से भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री विवाह योजना की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अस्पतालों में CCTV लगाने के निर्देश
मुख्य चिकित्साधिकारी को अस्पतालों में सुरक्षा के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में निष्पक्षता बरतने और ठोस साक्ष्य संलग्न करने पर भी जोर दिया गया।
यूनिसेफ ने स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर रखी रिपोर्ट
डिविजनल हेल्थ कोऑर्डिनेटर यूनिसेफ UNICEF के सुरेंद्र शुक्ल ने बताया कि एचबीएनसी कार्यक्रम के तहत आशा कार्यकर्ताओं द्वारा नवजात शिशुओं का गृह भ्रमण बस्ती में 72%, संतकबीर नगर में 88% और सिद्धार्थनगर में 78% रहा, जो मानक से कम है। टीकाकरण व्यवस्था मजबूत करने के लिए नए कोल्डचेन प्वाइंट स्थापित करने की भी जानकारी दी गई।
अधिकारी रहे मौजूद
बैठक का संचालन संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी ने किया। इस दौरान जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना सहित मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


