उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
जल संरक्षण की दिशा में संत निरंकारी मिशन का सशक्त कदम
बस्ती में सफल “प्रोजेक्ट अमृत” का चौथा चरण

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती। जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संत निरंकारी मिशन द्वारा संचालित “प्रोजेक्ट अमृत” के चौथे चरण का शुभारंभ 22 फरवरी 2026 को प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक देशभर में एक साथ किया गया। इस अभियान के अंतर्गत नदियों, तालाबों, झीलों, कुओं एवं अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण का कार्य किया गया।
1500 से अधिक स्थानों पर चला अभियान
मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि अंकुर वर्मा ने कहा कि मिशन द्वारा प्रतिवर्ष चलाया जा रहा “प्रोजेक्ट अमृत” समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायी पहल है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और सेवा के क्षेत्र में मिशन का योगदान सराहनीय है। यह अभियान बाबा हरदेव सिंह द्वारा प्रारंभ की गई स्वच्छता एवं मानव सेवा की भावना को आगे बढ़ा रहा है।
संत निरंकारी मंडल बस्ती के मुखी लालमन चौधरी ने बताया कि यह अभियान देश के 1500 से अधिक स्थानों पर एक साथ आयोजित किया जा रहा है। बस्ती में अमहट घाट स्थित कुआनो नदी तट पर मिशन के सेवादार, भाई-बहन एवं महात्मा एकत्र होकर नदी की सफाई में जुटे।
“स्वच्छ जल, स्वच्छ मन” का संदेश
मुखी लालमन चौधरी ने कहा कि यह पहल केवल एक सफाई अभियान नहीं, बल्कि समाज में जल के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भाव जागृत करने का प्रयास है। “स्वच्छ जल, स्वच्छ मन” के संदेश के साथ यह जनआंदोलन समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का कार्य कर रहा है।
मिशन का उद्देश्य है कि जल को केवल संसाधन नहीं, बल्कि जीवन का आधार और ईश्वर की अमूल्य देन समझा जाए तथा इसकी रक्षा को प्रत्येक नागरिक अपना नैतिक कर्तव्य माने।
सतगुरु के मार्गदर्शन में सेवा अभियान
उन्होंने बताया कि माता सुदीक्षा जी महाराज के मार्गदर्शन में संचालित यह अभियान सेवा, समर्पण और सहयोग की भावना को सशक्त करता है। उन्होंने जनमानस से अपील की कि अधिक से अधिक लोग इस मुहिम से जुड़कर जल संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं।
अंत में उन्होंने कहा कि जब सेवा और समर्पण की भावना के साथ प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया जाता है, तभी समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव होता है। “प्रोजेक्ट अमृत” इसी दिशा में एक प्रेरणादायी एवं जनहितकारी कदम है।

Subscribe to my channel


