LIVE TVअपराधअलवरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
तिजारा में ज्वेलर की दुकान में शातिर चोरी का खुलासा, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, तीन सोने की अंगूठियां बरामद

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
तिजारा, कस्बे में एक ज्वेलर की दुकान से हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई तीन सोने की अंगूठियां भी बरामद कर ली गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 फरवरी को शाम करीब 5 बजे वार्ड नंबर 7, गंगा मंदिर के पास स्थित एक सुनार की दुकान पर एक संदिग्ध युवक ग्राहक बनकर पहुंचा। आरोपी ने लाल रंग का शॉल ओढ़ रखा था और सिर पर टोपी लगाई हुई थी। उसने दुकानदार के बेटे से सोने की अंगूठियां दिखाने को कहा। जैसे ही शोरूम से अंगूठियां बाहर निकाली गईं, आरोपी मौका पाकर करीब 6–7 ग्राम वजनी तीन सोने की अंगूठियां (कीमत लगभग एक लाख रुपये) उठाकर फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत तिजारा पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। थानाधिकारी जयप्रकाश के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने कस्बे में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए वारदात के बाद कपड़े भी बदल लिए थे, लेकिन पुलिस टीम की सतर्कता और मेहनत से उसकी पहचान कर ली गई। पुलिस ने विशेष दबिश देकर आरोपी अनिश कुमार (21) पुत्र हरिराम मेघवाल, निवासी गोल बाग जैरोली को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी के पास से चोरी की गई तीनों सोने की अंगूठियां बरामद कर ली गईं। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों और आमजन में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ा है, वहीं पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Subscribe to my channel


