LIVE TVअपराधब्रेकिंग न्यूज़मंदसौरमध्य प्रदेश

मंदसौर में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई, 12 किलो एमडी जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

संवाददाता दशरथ माली

 

मंदसौर। जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी (मेफेड्रोन) बनाने की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। गरोठ थाना क्षेत्र के गांव सुरजना में शनिवार देर शाम पुलिस ने दबिश देकर खेत पर बने एक कमरे से करीब 12 किलो एमडी ड्रग्स और भारी मात्रा में केमिकल व उपकरण जब्त किए हैं। जब्त एमडी की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

पुलिस को सूचना मिलने पर पूरे गांव में घेराबंदी की गई। आरोपी खेत पर बने कमरे में एमडी बनाने का काम कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान मौके से दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। दबिश के समय आधा दर्जन से अधिक थानों का पुलिस बल गांव में तैनात रहा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

कार्रवाई के बाद एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम भी मौके पर पहुंची और सैंपल लेकर जांच शुरू की। देर रात तक पुलिस की कार्रवाई जारी रही।

राजस्थान सीमा से सटे क्षेत्र में फिर पकड़ी गई एमडी फैक्ट्री

गरोठ क्षेत्र राजस्थान सीमा से सटा हुआ है। इससे पहले भी इस इलाके के हिंगोरिया बड़ा और बोलिया के समीप गांवों में एमडी की फैक्ट्रियां पकड़ी जा चुकी हैं। शनिवार की कार्रवाई में करीब 60 से 70 पुलिसकर्मियों ने गांव में पहुंचकर घेराबंदी करते हुए ऑपरेशन को अंजाम दिया।

पिछले दिनों रतलाम जिले के चिकलाना में एमडी फैक्ट्री पकड़े जाने के बाद से ही पुलिस लगातार सीमा से लगे क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चला रही थी।

दो आरोपी गिरफ्तार

इस संबंध में एसपी विनोद कुमार मीना ने बताया कि सुरजना गांव में खेत पर बने कमरे से दीपक लोहार (32) और सुमित लोहार (19) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से एमडी ड्रग्स, इसे बनाने में उपयोग होने वाले केमिकल और उपकरण बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और नेटवर्क की जांच की जा रही है।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button