धर्मबीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बीकानेर के श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर में 6 नवंबर से शुरू होगा दीपोत्सव, दीपावली तक होंगे विभिन्न धार्मिक आयोजन
त्योहारों की तैयारियों को लेकर मंदिर विकास समिति का शिष्टमंडल अधिकारियों से मिला, सफाई, सुरक्षा और आकर्षक लाइटिंग की उठाई मांग

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर, 5 नवंबर। शहर के प्रसिद्ध श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर में दीपावली पर्व को लेकर 6 नवंबर से दीपोत्सव का शुभारंभ होगा। मंदिर में धनतेरस से लेकर भाई दूज तक विभिन्न धार्मिक एवं पारंपरिक कार्यक्रम श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाए जाएंगे।
मंदिर के कथावाचक पंडित श्रीकांत व्यास तथा मुख्य पुजारी श्री नरोत्तम महाराज सेवग ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर में 6 नवंबर को धनतेरस, 7 नवंबर को रूप चौदस, 8 नवंबर को दीपावली, 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट तथा 11 नवंबर को भाई दूज का पर्व मनाया जाएगा।
व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से मिला समिति का प्रतिनिधिमंडल
दीपोत्सव के दौरान मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर विकास एवं पर्यावरण समिति का एक शिष्टमंडल समिति सचिव सीताराम कच्छावा के नेतृत्व में विभिन्न अधिकारियों से मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम बीकानेर के महापौर अनिल कल्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ तथा देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त गौरव सोनी से मुलाकात कर त्योहारों के दौरान मंदिर परिसर में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की।
समिति की ओर से मंदिर एवं परिसर में विशेष सफाई व्यवस्था, होमगार्ड की नियुक्ति, आकर्षक लाइट डेकोरेशन तथा पर्याप्त पुलिस सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध करवाने का आग्रह किया गया।
इस पर महापौर अनिल कल्ला ने सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए। वहीं, देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त गौरव सोनी ने मंदिर एवं परिसर में आकर्षक लाइट डेकोरेशन करवाने की जानकारी दी।
शिष्टमंडल में ये सदस्य रहे शामिल
इस अवसर पर समिति सचिव सीताराम कच्छावा के साथ एस.एन. आचार्य, विनोद महात्मा, हरि प्रकाश सोनी, नरेंद्र शर्मा, आजाद पुरोहित, अनिल सोनी, हेमंत शर्मा एवं किसन लाल सैन सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
समिति का उद्देश्य दीपोत्सव के दौरान मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर धार्मिक वातावरण उपलब्ध करवाना है।
Subscribe to my channel


