उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
मतदेय स्थलों के संभाजन पर राजनैतिक दलों के साथ बैठक, 2282 मतदान स्थल प्रस्तावित

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती 26 अक्टूबर 2026 (सू. वि. ), भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्निर्धारण को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची पर प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों की समीक्षा करते हुए उनके निस्तारण पर चर्चा की गई। बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची पर प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। उपलब्ध विवरण के अनुसार, कांग्रेस पार्टी के पीसीसी सदस्य बाबूराम सिंह ने विधानसभा क्षेत्र 307-हर्रैया के एक मतदेय स्थल के संबंध में आपत्ति प्रस्तुत की थी, जिसे स्वीकार कर लिया गया।
बैठक में बताया गया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदेय स्थलों का निर्धारण 1200 मतदाताओं के मानक के आधार पर किया जा रहा है। इसके तहत मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण तथा आवश्यकतानुसार नए मतदेय स्थल स्थापित करने की प्रक्रिया अपनाई गई है।
जिले के पांच विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में वर्तमान में 2312 मतदेय स्थल हैं। संभाजन के बाद इनकी संख्या 2282 प्रस्तावित की गई है। विधानसभा क्षेत्रवार प्रस्ताव के अनुसार, हर्रैया में 457, कप्तानगंज में 434, रुधौली में 508, बस्ती सदर में 421 तथा महादेवा (अनुसूचित जाति) में 462 मतदेय स्थल प्रस्तावित हैं। बैठक में उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार,उमाकांत तिवारी, एडीईओ सुभाष सिंह,ओमप्रकाश, राजनैतिक दलो के प्रतिनिधि गण उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


