बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

पार्षद प्रतिनिधि हेमंत कातेला ने की निगम आयुक्त से मांग। हर कहीं कचरा फेंकने वालों पर लगाया जाए जुर्माना

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

बीकानेर। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वालों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से वार्ड नंबर 28 की पार्षद लक्ष्मी देवी कातेला के प्रतिनिधि हेमंत कातेला ने नगर निगम आयुक्त, बीकानेर को पत्र लिखकर राजस्थान नगर पालिका अधिनियम, 2009 की धारा 233 के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

हेमंत कातेला ने पत्र के माध्यम से कहा कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों, गलियों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर कचरा डालने और गंदगी फैलाने के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

उन्होंने मांग की कि स्वच्छता अभियान की शुरुआत वार्ड नंबर 28 से की जाए तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालान एवं जुर्माने की कार्रवाई की जाए। साथ ही दुकानदारों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि शहर को साफ-सुथरा रखने में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग

पत्र में वार्ड के मुख्य बाजारों, सड़कों, गलियों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों की नियमित निगरानी करने, कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी निर्धारित करने का आग्रह किया गया है। हेमंत कातेला ने यह भी मांग की कि अभियान के दौरान की गई कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि भविष्य में भी स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।

केवल सफाई से नहीं, जनभागीदारी से बनेगा स्वच्छ बीकानेर

हेमंत कातेला ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर बीकानेर का निर्माण केवल सफाई कर्मचारियों के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। यदि आमजन कचरा निर्धारित स्थान पर डालें और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने से बचें, तो शहर की स्वच्छता व्यवस्था में व्यापक सुधार किया जा सकता है।

उन्होंने नगर निगम प्रशासन से आग्रह किया कि इस विषय को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं तथा वार्ड नंबर 28 से स्वच्छता अभियान की प्रभावी शुरुआत की जाए।

हेमंत कातेला ने आमजन से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं और स्वच्छ बीकानेर के निर्माण में नगर निगम का सहयोग करें।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button