खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानस्वास्थ्य

विकसित भारत–जन सेवा अभियान के तहत रक्तदान शिविर आयोजित

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

खैरथल-तिजारा, 17 सितम्बर। विकसित भारत–जन सेवा अभियान के तहत जिले में जनसेवा, जनकल्याण एवं सामाजिक सरोकार से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत गुरुवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। इसी क्रम में कारौली स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित रक्तदान शिविरों में आमजन एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया।

जिलेभर में आयोजित रक्तदान शिविरों में आमजन एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 101 यूनिट रक्त का संग्रहण किया। इनमें 87 पुरुष एवं 14 महिलाओं ने रक्तदान कर मानव सेवा में अपना योगदान दिया। शिविरों के दौरान 180 से अधिक लोगों को रक्तदान एवं मानव सेवा के प्रति जागरूक करते हुए शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने नियमित रूप से रक्तदान करने तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने का संकल्प लिया।

शिविरों के माध्यम से आमजन को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया तथा अधिकाधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। रक्तदान को मानव जीवन बचाने में महत्वपूर्ण योगदान बताते हुए युवाओं एवं स्वयंसेवी संगठनों की सहभागिता को प्रोत्साहित किया गया।

*18 सितम्बर से शुरू होगा ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ कार्यक्रम*

अभियान के अगले चरण में 18 सितम्बर से ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके तहत 18 से 25 सितम्बर 2026 तक ग्रामीण क्षेत्रों में जनसेवा एवं जनकल्याण से जुड़ी प्रेरणादायी गतिविधियों, सेवा कार्यों और सामाजिक सहभागिता की कहानियों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए ई-मित्र केंद्रों एवं वीडियो वॉल के माध्यम से संबंधित सामग्री का प्रसारण किया जाएगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में किए जा रहे जनसेवा एवं जनकल्याण के कार्यों तथा उनसे जुड़े प्रेरणादायी प्रयासों को व्यापक स्तर पर सामने लाना और आमजन को सेवा एवं सामाजिक सहभागिता के लिए प्रेरित करना है।

अभियान के दौरान ‘सेवा की कहानी’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा सेतु अभियान’ सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे विकसित भारत–जन सेवा अभियान 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।

जिले में अभियान के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि जनसेवा एवं जनकल्याण की भावना को गांव-गांव और आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button