बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

युवा संवाद के माध्यम से दिया मतदान का संदेश

डूंगर कॉलेज में स्वीप के तहत आयोजित हुआ मतदाता जागरूकता कार्यक्रम, बड़ी संख्या में युवाओं ने की भागीदारी

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

 

बीकानेर, 1 सितंबर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के मद्देनजर मतदाता जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को डूंगर कॉलेज समेत ज़िले के सभी कॉलज में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।

*प्राचीन काल में सीमित था मताधिकार, स्वतंत्र भारत में मिला समान अधिकार*

डूंगर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वीप सह प्रभारी एवं जनसंपर्क अधिकारी श्री सुरेश बिश्नोई ने मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्राचीन काल और विभिन्न ऐतिहासिक दौर में मतदान अथवा शासन में भागीदारी का अधिकार समाज के सीमित वर्गों तक ही सीमित रहा, जबकि भारत की स्वतंत्रता के बाद संविधान ने प्रत्येक पात्र नागरिक को समान मताधिकार प्रदान किया।

उन्होंने युवाओं को लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति बताते हुए कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी और नागरिक कर्तव्य भी है। उन्होंने युवाओं से स्वयं मतदान करने के साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

*स्वीप गतिविधियों की दी विस्तृत जानकारी*

स्वीप टीम के श्री गोपाल जोशी एवं श्री प्रशांत जोशी ने स्वीप के तहत जिले में आयोजित की जा रही विभिन्न मतदाता जागरूकता गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवा वर्ग की लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ाने, मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने तथा अधिकाधिक पात्र मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।

कॉलेज ईएलसी समन्वयक प्रो. मैना ने भी विद्यार्थियों को मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि जागरूक युवा ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला हैं। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

*कॉलेज एवं स्वीप टीम के सदस्य रहे मौजूद*

कार्यक्रम में डूंगर कॉलेज की ओर से प्रो. बिंदु भसीन, डॉ. प्रवीन खत्री, डॉ. घनश्याम बिट्टू, डॉ. रविकांत एवं डॉ. मुकेश सहित स्वीप टीम से श्री सुधीर मिश्रा, श्री हरिहर राजपुरोहित एवं श्री मुकेश शर्मा ने भागीदारी की।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button