देशधर्मबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
रक्षाबंधन पर सरहद पहुंचीं बहनें, जवानों की कलाइयों पर बांधा रक्षा सूत्र

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा। पावन पर्व रक्षाबंधन के अवसर पर बालोतरा की बहनों ने अनूठी पहल करते हुए सरहद पर तैनात जवानों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। उद्देश्य था कि देश की रक्षा में दिन-रात तैनात किसी भी भाई की कलाई रक्षाबंधन के दिन सूनी न रहे।
बहनों ने वरनाहार पोस्ट और नयाताल चौकी पहुंचकर सीमा पर तैनात जवानों की कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधा और उन्हें मिठाई एवं उपहार भेंट किए। इस दौरान जवानों और बहनों के बीच भावुक एवं आत्मीय माहौल देखने को मिला।
स्वाति मानधना ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर वे सभी बहनें सरहद पर पहुंचीं और जवान भाइयों की कलाइयों पर राखी बांधकर उनके साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाना उनके लिए गर्व और भावनाओं से भरा अवसर है।
बबली पटौदी ने सभी सैनिकों को उपहार भेंट किए। वहीं मनीष गुप्ता ने बताया कि जवानों के लिए तैयार किए गए गिफ्ट बॉक्स में शामिल सामग्री भी बहनों ने अपने हाथों से तैयार की थी। इसका उद्देश्य जवानों तक बहनों का स्नेह और अपनापन पहुंचाना था।
उषा भंसाली ने सभी सैनिकों को मिठाई भेंट कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। नैना सालेचा ने बताया कि जवानों ने भावुक होकर कहा कि उन्हें यह रक्षाबंधन का त्योहार हमेशा याद रहेगा।
इस अवसर पर गीत मोदी और सीमा राठी ने भी जवानों की कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधा। वहीं स्वाति मानधना ने अपने मन की भावनाओं को कविता के माध्यम से प्रस्तुत किया। मनीषा गुप्ता ने भी सैनिक भाइयों के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए देश की सीमाओं की रक्षा में उनके योगदान को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान बहनों ने कहा कि सैनिक अपने परिवारों से दूर रहकर देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। ऐसे में रक्षाबंधन के दिन उनके साथ पर्व मनाना समाज की ओर से उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है।
गौरतलब है कि ये बहनें पहले भी रक्षाबंधन के अवसर पर सरहद पर पहुंचकर जवानों को रक्षा सूत्र बांधती रही हैं। उनकी यह पहल भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ-साथ देशभक्ति, सम्मान और सामाजिक सरोकार की भावना को भी मजबूत करती है।

Subscribe to my channel


