देशबीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
‘हर घर तिरंगा’ अभियान: 9 से 17 अगस्त तक होंगे विविध आयोजन*

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
*‘हर घर तिरंगा’ अभियान: 9 से 17 अगस्त तक होंगे विविध आयोजन*
*प्रभात फेरी, तिरंगा रैली, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं तिरंगा कैनवास सहित होंगे जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम*
*जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने आमजन से अधिकाधिक सहभागिता की अपील की*
बीकानेर, 8 अगस्त। जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन ने बताया कि जिले में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत जिला, नगरीय निकाय, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के दौरान तिरंगे की आन, बान और शान के साथ राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे।
*प्रभात फेरी से होगी अभियान की शुरुआत*
जिला कलेक्टर ने बताया कि अभियान की शुरुआत 9 अगस्त को सुबह 8 से 10 बजे तक प्रभात फेरी से होगी। प्रभात फेरी महारानी कन्या विद्यालय से रवाना होकर एमएन हॉस्पिटल, हनुमान हथा, जूनागढ़ होते हुए जिला कलेक्ट्रेट तक पहुंचेगी।
*तिरंगा बाइक रैली का आयोजन*
10 अगस्त को दोपहर 1 बजे ‘तिरंगा बाइक, ई-बाइक एवं साइकिल रैली’ का आयोजन किया जाएगा। रैली अंबेडकर सर्किल से गांधी पार्क होते हुए जिला कलेक्ट्रेट तक जाएगी। इसमें नागरिकों एवं विद्यार्थियों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
*ग्रामीण हाट में तिरंगा प्रदर्शनी एवं मेला*
11 एवं 12 अगस्त को सुबह 9 से शाम 6 बजे तक जयनारायण व्यास कॉलोनी स्थित ग्रामीण हाट में ‘तिरंगा प्रदर्शनी एवं मेले’ का आयोजन होगा। इसमें तिरंगे के महत्व पर आधारित फोटो एवं वीडियो प्रदर्शनी, हस्तशिल्प, हाथ से तिरंगा निर्माण, राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी गतिविधियां तथा स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा।
*युवा पीढ़ी को विभाजन की त्रासदी से कराया जाएगा रूबरू*
13 एवं 14 अगस्त को सुबह 9 से शाम 6 बजे तक महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय में ‘विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी’ आयोजित की जाएगी। जिला कलेक्टर ने ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ की तैयारियों के संबंध में बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष रूप से युवा पीढ़ी को देश के विभाजन की त्रासदी से अवगत कराना और उस दौर की पीड़ा एवं संघर्ष को स्मरण करना है।
उन्होंने बताया कि 13 एवं 14 अगस्त को जिला एवं पंचायत स्तर पर विभाजन विषयक प्रदर्शनियों तथा फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। 14 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभाजन प्रभावित परिवारों, स्वतंत्रता सेनानियों, स्वयं सहायता समूहों, कलाकारों, खिलाड़ियों तथा अन्य प्रबुद्ध नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
*तिरंगा थीम से सजेंगे सार्वजनिक स्थल*
ज़िला कलेक्टर श्री जैन ने बताया कि अभियान के तहत 13 से 17 अगस्त तक सरकारी कार्यालयों, स्मारकों, प्रमुख बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम पर सजाया जाएगा। प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर ‘तिरंगा कैनवास’ भी स्थापित किए जाएंगे, जिन पर आमजन हस्ताक्षर कर राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति के संदेश अंकित कर सकेंगे।
14 अगस्त को प्रत्येक ग्राम पंचायत में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्वतंत्रता सेनानियों, पूर्व सैनिकों, शहीदों के परिजनों तथा सुरक्षा बलों के सेवानिवृत्त कार्मिकों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाएगा।
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर ध्वजारोहण के साथ नागरिकों को तिरंगा शपथ दिलाई जाएगी। अभियान के अंतर्गत जिले के प्रमुख स्मारकों, सरकारी भवनों सहित अन्य प्रमुख इमारतों को आकर्षक तिरंगा रोशनी से भी सजाया जाएगा।
*जिला कलेक्टर ने की अधिकाधिक भागीदारी की अपील*
जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन ने जिलेवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाने और सभी कार्यक्रमों में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज ही नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने आमजन, युवाओं, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं आसपास के क्षेत्रों में तिरंगा फहराकर राष्ट्रप्रेम की भावना को सशक्त बनाने का आह्वान किया।

Subscribe to my channel


