देशबीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
रक्षाबंधन पर भाइयों तक सुरक्षित पहुंचेगी बहनों के प्यार की डोर, डाक विभाग ने उपलब्ध करवाए विशेष वाटरप्रूफ लिफाफे और राखी बॉक्स

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर। रक्षाबंधन के पावन पर्व को देखते हुए डाक विभाग ने बहनों की सुविधा के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। देश-विदेश में रहने वाले भाइयों तक राखी सुरक्षित और समय पर पहुंचाने के उद्देश्य से बीकानेर मंडल के प्रत्येक डाकघर में विशेष वाटरप्रूफ लिफाफे एवं राखी बॉक्स उपलब्ध करवाए गए हैं।
डाक विभाग द्वारा तैयार किए गए इन विशेष कटर प्रूफ एवं वाटरप्रूफ लिफाफों से बारिश के मौसम में भी राखी डाक को किसी प्रकार का नुकसान नहीं होगा। बहनें अब अपने भाइयों को सुरक्षित तरीके से राखी भेजकर दूरी के बावजूद इस पवित्र त्योहार की खुशियों को साझा कर सकेंगी।
बीकानेर मंडल के डाकघरों में दो आकार के विशेष वाटरप्रूफ लिफाफे उपलब्ध हैं। छोटा लिफाफा 11×22 सेंटीमीटर मात्र 10 रुपये तथा बड़ा लिफाफा 15×26 सेंटीमीटर 15 रुपये में प्राप्त किया जा सकता है। इसके अलावा राखी बॉक्स 150×260×52 सेंटीमीटर 30 रुपये में उपलब्ध है। इन लिफाफों में राखी के साथ रोली, चावल, चॉकलेट एवं छोटे उपहार भी भेजे जा सकते हैं।
डाक विभाग ने विदेशों में रहने वाले भाइयों तक राखी पहुंचाने के लिए भी विशेष सुविधा शुरू की है। इंटरनेशनल ट्रैक पैकेट सर्विस के माध्यम से 30 से अधिक देशों में रियायती दरों पर राखी भेजी जा सकेगी। इस सेवा में ट्रैकिंग सुविधा, वाटरप्रूफ पैकिंग एवं सुरक्षित वितरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। थाईलैंड सहित कई देशों में मात्र 185 रुपये तथा अमेरिका में 400 रुपये में राखी भेजने की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।
रक्षाबंधन के अवसर पर डाक प्रेषण एवं वितरण व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए डाक विभाग द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं। आवश्यकतानुसार अतिरिक्त काउंटर संचालित किए जाएंगे, ताकि कोई भी बहन अपने भाई को राखी भेजने से वंचित न रह जाए।
बीकानेर मंडल के अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष रक्षाबंधन पर्व 28 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा। त्योहार को ध्यान में रखते हुए समय रहते सभी डाकघरों में राखी लिफाफे एवं बॉक्स उपलब्ध करवा दिए गए हैं, जिससे बहनों द्वारा भेजे गए रक्षा सूत्र समय पर भाइयों तक पहुंच सकें।
डाक विभाग की यह पहल बहनों के स्नेह और विश्वास की डोर को मजबूत करने के साथ-साथ दूर बैठे अपनों तक त्योहार की खुशियां पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जारीकर्ता:
अधीक्षक डाकघर, बीकानेर मंडल
बीकानेर – 334001

Subscribe to my channel


