LIVE TVअपराधपन्नाब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश
बघवारकलां हत्याकांड का पर्दाफाश पत्नी ने पूर्व पति के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट

लोकेशन=रैपुरा।मध्य प्रदेश पन्ना
संवाददाता=सुधीर अग्रवाल के साथ कैमरा मेन मुकेश रजक
*बघवारकलां हत्याकांड का पर्दाफाश पत्नी ने पूर्व पति के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट*
*12 महीने बाद पुलिस के शिकंजे में आए दोनों आरोपी*
पन्ना। रैपुरा थाना क्षेत्र के चर्चित बघवारकलां हत्याकांड का पन्ना पुलिस ने लगभग एक वर्ष बाद सफल खुलासा कर मुजरिमों को गिरफ्तार किया।पुलिस ने हत्या के मामले में मृतक की पत्नी अर्चना सोनी और उसके पूर्व पति रामप्रताप सोनी को गुजरात के सूरत शहर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों ने मिलकर नन्नू सोनी की हत्या की साजिश रचकर मौत के घाट उतारा।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने लगातार मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली, राजस्थान और गुजरात सहित कई राज्यों में आरोपियों की तलाश की। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपना ठिकाना, नाम और वेशभूषा बदलते रहे, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आखिरकार 21 जुलाई 2026 को कपोदरा (सूरत) से दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक 11 जुलाई 2025 को बघवारकलां निवासी मुन्नालाल सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र नन्नू सोनी घर में मृत मिला, जबकि उसकी पत्नी अर्चना अपने दोनों बच्चों सहित घर से गायब थी। जांच के दौरान सामने आया कि अर्चना का पहले रामप्रताप सोनी से विवाह हुआ था, जिससे उसके दो बच्चे हैं। बाद में उसने 27 मई 2025 को नन्नू सोनी से कोर्ट मैरिज की थी।
विवेचना में पुलिस को पता चला कि बच्चों और संपत्ति को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद रहता था। घटना वाले दिन अर्चना ने अपने पूर्व पति रामप्रताप को बुलाया और दोनों ने मिलकर लकड़ी की मुगरिया से हमला कर नन्नू सोनी की हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों फरार हो गए थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में आगे की पूछताछ और विवेचना जारी है।
पुलिस ने इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रैपुरा उपनिरीक्षक स्मिता सिंह बघेल, थाना स्टाफ तथा पन्ना साइबर सेल की टीम की भूमिका को सराहनीय बताया है।

Subscribe to my channel


