जम्मू कश्मीरपुंछब्रेकिंग न्यूज़
राजौरी और पुंछ में बारिश-बाढ़ का कहर: उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने लिया हालात का जायजा, प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने के निर्देश

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार, पुंछ
पुंछ/राजौरी, 19 जुलाई। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को राजौरी और पुंछ जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश और फ्लैश फ्लड से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उपराज्यपाल ने कहा कि राजौरी में सिविल प्रशासन, पुलिस, भारतीय सेना, एसडीआरएफ तथा स्थानीय स्वयंसेवकों की टीमें युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है तथा सभी विभाग हाई अलर्ट पर हैं। राहत कार्यों के साथ-साथ क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की मरम्मत को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
मनोज सिन्हा ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों से बचें, शांत रहें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें।
उपराज्यपाल ने राजौरी तथा पुंछ जिले के हवेली और सुरनकोट क्षेत्रों में बारिश और बाढ़ से हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण राजौरी और पुंछ में कई मकानों को भी नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दोनों जिलों के सभी प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा आपातकालीन टीमें किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन और पुलिस की हेल्पलाइन का उपयोग करने की अपील की है।

Subscribe to my channel


