उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में मतदेय स्थलों के सम्भाजन पर सर्वदलीय बैठक, 41 आपत्तियों में 21 प्रस्ताव स्वीकृत

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 18 जुलाई 2026। आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदेय स्थलों के सम्भाजन (रैशनलाइजेशन) के संबंध में बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदेय स्थलों के संबंध में सुझाव एवं प्रस्ताव प्राप्त किए गए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि आपत्ति वाले मतदेय स्थलों के संबंध में कुल 41 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें नियमानुसार परीक्षण के बाद 21 प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि शेष आवेदन निर्धारित मानकों पर खरे न उतरने के कारण स्वीकृत नहीं किए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदेय स्थलों के निर्धारण एवं सम्भाजन की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जा रही है, ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी हिमांशु कुमार एवं शत्रुध्न पाठक, सहायक निर्वाचन अधिकारी सुभाष सिंह और ओम प्रकाश सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


