उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में 16 से 22 जुलाई तक मनाया जाएगा भूजल सप्ताह, जल संरक्षण के लिए लोगों को किया जाएगा जागरूक

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 15 जुलाई। भूगर्भ जल विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा 16 जुलाई से 22 जुलाई 2026 तक पूरे प्रदेश में भूजल सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य आम जनता, छात्र-छात्राओं और सामाजिक संस्थाओं को भूजल संरक्षण, नियंत्रण एवं विकास के प्रति जागरूक करना है।
सीनियर हाइड्रोजियोलॉजिस्ट राहुल कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भूजल के अनियोजित दोहन के कारण लगातार भूजल स्तर में गिरावट दर्ज की जा रही है। इसके चलते जल स्रोतों पर दबाव बढ़ रहा है और उनकी उपयोगिता भी प्रभावित हो रही है। ऐसे में भूजल सप्ताह लोगों को जल संरक्षण के महत्व से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने कहा कि जल ईश्वर की अमूल्य धरोहर है और वर्तमान समय में समाज गंभीर जल संकट का सामना कर रहा है। यदि अभी से जल संरक्षण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
भूजल सप्ताह के दौरान विभाग द्वारा लोगों से जल संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की जाएगी। इसमें घर, कार्यालय, विद्यालय और धार्मिक स्थलों पर पानी की एक-एक बूंद का सदुपयोग करने, वर्षा जल संचयन को अपनाने तथा मानसून के दौरान बारिश के पानी को संरक्षित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
राहुल कुमार शर्मा ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने लोगों से अपने परिवार, पड़ोस और मित्रों को भी जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
इस वर्ष भूजल सप्ताह की थीम “जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” रखी गई है। विभाग ने सभी छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और जल संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास ही भविष्य की जल सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं।
Subscribe to my channel


