उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
सुजिया तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

संवाददाता अवधेश यादव, बस्ती
बस्ती। जनपद बस्ती के मुंडेरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत मुंडेरवा के वार्ड नंबर-1 अंबेडकर नगर, बोदवल गांव में रविवार को एक हृदयविदारक हादसे में दो मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अनुज (8 वर्ष) और गणेश (7 वर्ष) रविवार को घर के बाहर खेलते-खेलते निकल गए। काफी देर तक दोनों बच्चों के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई।
खोजबीन के दौरान दोनों बच्चों के सुजिया तालाब के पास होने की जानकारी मिली। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने तालाब में तलाश की, जहां दोनों बच्चों के शव बरामद हुए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों की मौत तालाब में डूबने से हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही मुंडेरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
दो मासूम बच्चों की एक साथ हुई मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Subscribe to my channel


