उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़शिक्षा
मुख्यमंत्री योगी ने बस्ती को दी 504.34 करोड़ रुपये की 77 विकास परियोजनाओं की सौगात, हर्रैया में मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का किया शिलान्यास

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बस्ती जनपद के हर्रैया स्थित बीआरसी परिसर से जिले के विकास को नई गति देते हुए 504.34 करोड़ रुपये की लागत वाली 77 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हर्रैया विधानसभा क्षेत्र में 27.06 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का भूमि पूजन एवं शिलान्यास रहा।
मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विद्यालय निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। यह विद्यालय प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक आधुनिक सुविधाओं से युक्त शिक्षा उपलब्ध कराएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अन्नप्राशन और गोदभराई कार्यक्रम में भी सहभागिता की।
हर्रैया विधानसभा क्षेत्र में 361.30 करोड़ रुपये की लागत से 52 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया, जिनमें 22 नई परियोजनाओं का शिलान्यास और 30 पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। वहीं, कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में 143.04 करोड़ रुपये की लागत से 25 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया, जिनमें 8 शिलान्यास और 17 लोकार्पण शामिल हैं।
इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण, बाढ़ सुरक्षा एवं सिंचाई, विद्यालय एवं छात्रावास भवन, स्वास्थ्य संस्थानों का निर्माण, पर्यटन स्थलों का विकास, ग्रामीण स्टेडियम, गौशाला, नगर विकास कार्य तथा अन्य जनोपयोगी योजनाएं शामिल हैं। इनसे जिले के लाखों लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, सिंचाई और बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बस्ती की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि मखौड़ा धाम वह पावन स्थल है जहां महाराजा दशरथ ने पुत्रेष्टि यज्ञ कराया था और भगवान श्रीराम के अवतार का मार्ग प्रशस्त हुआ। उन्होंने बाबा भदेश्वरनाथ, तपसी धाम तथा महान साहित्यकार आचार्य रामचंद्र शुक्ल की जन्मस्थली बस्ती को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लगभग 1500 मंदिरों का पुनरोद्धार कराया जा चुका है और मखौड़ा धाम, भदेश्वरनाथ तथा कर्ण मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का नया मॉडल बनेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, किसान और जरूरतमंदों तक बिजली, शिक्षा, सिंचाई, किसान सम्मान निधि सहित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत पात्र किसानों को 5 लाख रुपये तक की सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जाती है।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, हर्रैया विधायक अजय सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। इस दौरान बस्ती के विकास पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया तथा मुख्यमंत्री को गदा भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति पत्र एवं सहायता सामग्री भी वितरित की।
इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश, मंडलायुक्त अखिलेश सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


