उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में मतदेय स्थलों की प्रस्तावित सूची का आलेख्य प्रकाशन, 10 जुलाई तक मांगे गए सुझाव व आपत्तियां

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 4 जुलाई 2026। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने जानकारी दी है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा मतदेय स्थलों का सम्भाजन कर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदेय स्थलों की प्रस्तावित सूची तैयार कर उसका आलेख्य प्रकाशन 4 जुलाई 2026 को कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के 307-हर्रैया, 308-कप्तानगंज, 309-रुधौली, 310-बस्ती सदर तथा 311-महादेवा (अजा) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले मतदेय स्थलों की प्रस्तावित सूची संबंधित तहसील कार्यालयों एवं जिला निर्वाचन कार्यालय, बस्ती में निःशुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने आमजन, राजनीतिक दलों तथा संबंधित नागरिकों से अपील की है कि यदि प्रकाशित प्रस्तावित सूची के संबंध में किसी प्रकार की आपत्ति या सुझाव हो तो उसे संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय, बस्ती में 10 जुलाई 2026 तक प्रस्तुत किया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि के भीतर प्राप्त होने वाले सभी सुझावों एवं आपत्तियों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा।
Subscribe to my channel


