बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानस्वास्थ्य

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अमरपुरा जसोल विद्यालय के विद्यार्थियों ने किया योगाभ्यास

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अमरपुरा जसोल के विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।

विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सरोज भाटी ने बताया कि योग शिक्षक प्रताप सिंह राव के निर्देशन में विद्यार्थियों ने पूर्व से ही नियमित अभ्यास किया था। इसी तैयारी के परिणामस्वरूप विद्यालय के 50 विद्यार्थियों का दल, प्राचार्य, अभिभावकों एवं कर्मचारियों के साथ जिला स्तरीय आयोजन में शामिल हुआ।

श्री नाकोड़ा भैरव तीर्थ स्थल पर प्रातः 6 बजे आयोजित कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार प्रार्थना, योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। इस दौरान योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के महत्व को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा स्वस्थ और निरोग समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ भी ली।

प्राचार्य सरोज भाटी ने बताया कि विद्यालय में प्रतिदिन प्रार्थना सभा के बाद योगासन, प्राणायाम एवं सूक्ष्म व्यायाम का नियमित अभ्यास कराया जाता है। योग एवं शारीरिक शिक्षक प्रताप सिंह राव के सतत प्रयासों का ही परिणाम है कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय आयोजन में अनुशासित एवं प्रभावी सहभागिता दर्ज कराई।

योग दिवस के इस आयोजन ने विद्यार्थियों में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button