जम्मू कश्मीरदेशपुंछब्रेकिंग न्यूज़
ज़ांस्कर में प्रभावित पूर्व सैनिक परिवारों को मिली राहत, ‘सपोर्ट आवर हीरोज’ ने दी ₹2.10 लाख की सहायता

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार, पुंछ
19 जून। देश के विभिन्न हिस्सों में हाल ही में हुई भारी बारिश और खराब मौसम के कारण कई परिवारों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है। लद्दाख के दूरस्थ क्षेत्र पदुम, ज़ांस्कर में भी भारी वर्षा के चलते कई घर क्षतिग्रस्त हो गए, जिनमें लद्दाख स्काउट्स के पूर्व सैनिकों के परिवार भी शामिल हैं।
ऐसे कठिन समय में दिल्ली स्थित सामाजिक संगठन ‘सपोर्ट आवर हीरोज’ (Support Our Heroes – SOH) ने प्रभावित पूर्व सैनिक परिवारों की सहायता के लिए आगे बढ़ते हुए राहत प्रदान की। संगठन के सह-संस्थापक गौरव शुक्ला ने प्रभावित पूर्व सैनिकों से संपर्क कर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई।
प्रोजेक्ट इंसानियत (Project INSANIYAT) के तहत संगठन द्वारा चार प्रभावित पूर्व सैनिक परिवारों को कुल 2 लाख 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इनमें तीन पूर्व सैनिकों को 50-50 हजार रुपये तथा एक पूर्व सैनिक को 60 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। यह सहयोग उनके क्षतिग्रस्त घरों के पुनर्निर्माण और सामान्य जीवन बहाल करने में मददगार साबित होगा।
यह आर्थिक सहायता 16 जून 2026 को मुख्यालय 8 माउंटेन आर्टिलरी ब्रिगेड, खुंबाथांग (लद्दाख) में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ब्रिगेड कमांडर के कर-कमलों से वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की उपस्थिति में प्रदान की गई।
गौरतलब है कि सपोर्ट आवर हीरोज संगठन वर्तमान में भारत के 22 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कार्यरत है। संगठन आपातकालीन परिस्थितियों में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, दिव्यांग सैनिकों एवं उनके परिवारों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित करता है।
यह पहल इस बात का प्रतीक है कि देश की रक्षा करने वाले सैनिकों के प्रति हमारी जिम्मेदारी उनकी सेवा समाप्त होने के बाद भी बनी रहती है। संगठन का यह प्रयास पूर्व सैनिकों के सम्मान, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करता है।

Subscribe to my channel


