बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

सुपर सकर मशीन से सीवरेज जाम की समस्या का होगा समाधान

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

*शहरी सेवा शिविर-2026*

बालोतरा, 12 जून। शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत नगर परिषद बालोतरा ने शहर की सीवरेज व्यवस्था को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। अभियान के अंतर्गत अत्याधुनिक सुपर सकर मशीन को नगर परिषद क्षेत्र में तैनात किया गया है, जो विभिन्न क्षेत्रों में जाम एवं अवरुद्ध सीवर लाइनों की प्रभावी सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाएगी।

अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं नगर परिषद प्रशासक भुवनेश्वर सिंह चौहान ने बताया कि शहरी सेवा शिविर-2026 के दौरान आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सीवरेज व्यवस्था को प्राथमिकता में रखा गया है। इसके लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर शहर के उन क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है जहां सीवरेज लाइनें अवरुद्ध होने से जल निकासी प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि सुपर सकर मशीन की सहायता से सीवर लाइनों में जमा गाद, कचरा एवं अन्य अवरोधों को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। वर्तमान में मशीन विभिन्न स्थानों पर लगातार कार्य कर रही है तथा तकनीकी दल मौके पर मौजूद रहकर सीवरेज लाइनों को पुनः सुचारू बनाने में जुटा हुआ है। नगर परिषद द्वारा अभियान की नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है ताकि सभी प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

चौहान ने कहा कि नगर परिषद का लक्ष्य शहर की संपूर्ण सीवरेज व्यवस्था को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं निर्बाध बनाना है। इससे नागरिकों को जलभराव, दुर्गंध, सीवरेज ओवरफ्लो तथा अन्य संबंधित समस्याओं से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अभियान को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संचालित करते हुए निर्धारित समय में कार्य पूर्ण करें।

नगर परिषद द्वारा शहरवासियों से भी सहयोग की अपील की गई है तथा कहा गया है कि वे सीवर लाइनों में ठोस कचरा एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री नहीं डालें, जिससे सीवरेज व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

नगर परिषद ने विश्वास व्यक्त किया है कि शहरी सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत चलाया जा रहा यह विशेष अभियान शहर की सफाई व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा तथा सीवरेज जाम की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। अभियान के सकारात्मक परिणाम शीघ्र ही शहरवासियों को देखने को मिलेंगे।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button