उत्तर प्रदेशदेशबागपतब्रेकिंग न्यूज़
माय भारत के विश्व कीर्तिमान के गवाह बने बागपत के अमन, राष्ट्रीय मंच पर किया यूपी की युवा शक्ति का प्रतिनिधित्व
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने देश के टॉप यूथ चैंपियन संग साझा किया Guinness World Records™

05 जून 2026 —- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लॉन्च किए गए MY Bharat प्लेटफॉर्म ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 की राष्ट्रीय क्विज प्रतियोगिता में रिकॉर्ड भागीदारी के साथ Guinness World Records™ में अपना नाम दर्ज कराया। नई दिल्ली स्थित श्रम शक्ति भवन में आयोजित विशेष राष्ट्रीय समारोह में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने देशभर के चुनिंदा युवा नेतृत्वकर्ताओं एवं टॉप यूथ चैंपियन के साथ यह विश्व कीर्तिमान साझा किया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व बागपत के युवा आइकॉन एवं MY Bharat स्वयंसेवक अमन कुमार ने किया।
विशेष बात यह रही कि देशभर से आमंत्रित किए गए चुनिंदा 10 टॉप यूथ चैंपियन में बागपत के अमन कुमार भी शामिल रहे। MY Bharat और विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के माध्यम से युवाओं को नेतृत्व, अवसर और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने में उनके विशिष्ट योगदान को देखते हुए उन्हें विशेष आमंत्रण दिया गया था। समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने युवा शक्ति को राष्ट्र शक्ति बताते हुए इस विश्व रिकॉर्ड को देशभर के MY Bharat से जुड़े युवाओं को समर्पित किया।
नई दिल्ली के राष्ट्रीय मंच पर बागपत के युवा अमन कुमार की मौजूदगी पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बनी। अमन कुमार वही युवा हैं जिन्होंने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में Team Uttar Pradesh के Group Captain के रूप में प्रदेश के 75 जनपदों से आए युवाओं का राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के समक्ष टीम यूपी की अगुवाई कर उन्होंने राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश की युवा शक्ति की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई थी।
लेकिन अमन कुमार की कहानी केवल मंचों और सम्मानों तक सीमित नहीं है। आर्थिक तंगी के बीच गांव-गांव साइकिल पर अखबार बेचने वाले इस युवा ने अखबार पढ़ते-पढ़ते ही अवसरों की दुनिया को समझा। छात्रवृत्ति, प्रतियोगिता, युवा कार्यक्रम और सरकारी योजनाओं की जानकारी ने उनकी सोच बदल दी। धीरे-धीरे उन्हें महसूस हुआ कि गांवों में लाखों युवा केवल जानकारी के अभाव में पीछे रह जाते हैं।
इसी सोच के साथ अमन कुमार ने “कोई युवा पीछे न छूटे” मिशन पर काम शुरू किया। 12वीं के बाद उन्होंने सीमित संसाधनों और शून्य निवेश के साथ “प्रोजेक्ट कॉन्टेस्ट 360” की शुरुआत की, जिसके माध्यम से आज देशभर के 86 लाख से अधिक युवाओं तक शिक्षा, स्कॉलरशिप, प्रतियोगिता, इंटर्नशिप और करियर अवसरों की जानकारी पहुंच चुकी है।
कभी गांव-गांव अखबार पहुंचाने वाला यह युवा आज देशभर के लाखों युवाओं तक अवसर पहुंचाने के मिशन में जुटा है। MY Bharat से जुड़ने के बाद अमन की यात्रा को नई दिशा मिली। गांव स्तर पर युवाओं को नेतृत्व, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के प्रयासों ने उन्हें राष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाया। वर्तमान में वह MY Bharat से संबद्ध उड़ान यूथ क्लब के अध्यक्ष हैं और लगातार युवाओं को विकसित भारत मिशन से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।
तकनीक और सामाजिक नवाचार के क्षेत्र में भी अमन लगातार सक्रिय हैं। बागपत प्रशासन के साथ मिलकर उन्होंने कांवड़ यात्रा एप, स्वीप बागपत एप और सूचना सेतु एप जैसे तकनीकी समाधान विकसित किए, जिनसे लाखों लोग लाभान्वित हुए। सीमित संसाधनों के बावजूद गांव से निकलकर तकनीक और सामाजिक नेतृत्व के क्षेत्र में पहचान बनाना युवाओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
अमन कुमार को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा स्वामी विवेकानंद राज्य युवा पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। हाल ही में उत्तर प्रदेश विधानसभा में भी उन्हें यूथ आइकॉन के रूप में सम्मानित किया गया था। राष्ट्रीय स्तर पर उन्हें आई वॉलंटियर यूथ चैंपियन अवॉर्ड भी मिल चुका है। इसके अलावा वह यूनेस्को, यूनिसेफ, हंड्रेड और क्लाइमेट कार्डिनल्स जैसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों से भी जुड़े हुए हैं।
आज अमन कुमार उन लाखों ग्रामीण युवाओं की उम्मीद बनकर उभरे हैं जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं। अमन का कहना है कि गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती, जरूरत केवल सही जानकारी, विश्वास और अवसर की होती है। यही कारण है कि आज उनका पूरा मिशन एक ही लक्ष्य पर केंद्रित है — “कोई युवा पीछे न छूटे।”

Subscribe to my channel


